मनरेगा बनाम जी राम जी योजना: नए साल की शुरुआत में कांग्रेस-भाजपा आमने-सामने

Date: 2026-01-01

कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी ने मनरेगा और केंद्र सरकार की नई रोजगार योजना ‘विकसित भारत जी राम जी’ को लेकर जनता के बीच उतरने की अलग-अलग रणनीति बनाई है।

news-banner

रांची। नए वर्ष 2026 की शुरुआत के साथ ही झारखंड की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी ने मनरेगा और केंद्र सरकार की नई रोजगार योजना ‘विकसित भारत जी राम जी’ को लेकर जनता के बीच उतरने की अलग-अलग रणनीति बनाई है। दोनों दलों के रुख से साफ है कि जनवरी के शुरुआती दिनों में राज्य की राजनीति का केंद्र महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) रहने वाली है।


झारखंड कांग्रेस अपनी मुहिम की शुरुआत 5 जनवरी को करेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने बताया कि राज्यभर के कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता रांची के मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष मनरेगा को बचाने का संकल्प लेंगे। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता ‘लोकभवन’ मार्च करेंगे, लोकभवन के सामने प्रदर्शन करेंगे और राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेंगे।


कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र की मोदी सरकार मनरेगा को कमजोर कर नई योजनाओं के जरिए मजदूरों के रोजगार के अधिकार को खत्म करने की कोशिश कर रही है। पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर मजदूरों को इस बारे में जागरूक करेंगे।


वहीं दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी भी कांग्रेस के आरोपों का जवाब देने के लिए मैदान में उतरने जा रही है। झारखंड भाजपा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कहा कि कांग्रेस विकसित भारत के सपने को साकार होते नहीं देखना चाहती। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी केंद्र सरकार देशहित में कोई बड़ा निर्णय लेती है, कांग्रेस भ्रम फैलाने का काम करती है।


आदित्य साहू ने बताया कि 8 से 10 जनवरी के बीच भाजपा कार्यकर्ता ग्रामीण इलाकों में सभाएं, नुक्कड़ नाटक और जनजागरूकता कार्यक्रमों के जरिए ‘विकसित भारत जी राम जी’ योजना की विशेषताएं लोगों तक पहुंचाएंगे। भाजपा का दावा है कि भ्रष्टाचार से ग्रस्त हो चुकी मनरेगा योजना के मुकाबले नई रोजगार योजना ज्यादा प्रभावी और पारदर्शी है।

कुल मिलाकर, नए साल की शुरुआत में ही झारखंड में मनरेगा और जी राम जी योजना को लेकर सियासी संग्राम तेज हो गया है, जो आने वाले दिनों में और भी धार पकड़ सकता है।


Share It On:

Leave Your Comments